Monday, January 7, 2019

बांसवाड़ा के पर्यटन दृष्टि से विकास के लिए होंगे पुरजोर प्रयास - राज्यमंत्री श्री बामनिया

तीन दिवसीय ‘अरथूना-माही महोत्सव’ का भव्य शुभारंभ


बाँसवाड़ा, 7 जनवरी/ प्रदेश के जनजाति क्षेत्रीय विकास (स्वतंत्र प्रभार), उद्योग एवं राजकीय उपक्रम विभाग के राज्यमंत्री श्री अर्जुनसिंह बामनिया ने कहा है कि बांसवाड़ा जिला पर्यटन दृष्टि से बेहद समृद्ध है और इसके पर्यटन दृष्टि से विकास के लिए पुरजोर प्रयास किए जाएंगे।


राज्यमंत्री बामनिया सोमवार को कला-संस्कृति और ऐतिहासिक-सांस्कृतिक विरासत के साथ नैसर्गिक सौंदर्यश्री को अपने आंचल में समाहित करने वाले बांसवाड़ा जिले को विश्व पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए जनजाति क्षेत्रीय विकास, पर्यटन, वन और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रहे तीन दिवसीय रंगारंग अरथूना-माही महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर सूचना केन्द्र में आयोजित प्रदर्शनी के अवलोकन दौरान संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि समृद्ध संस्कृति, इतिहास व पुरातत्व वाले बांसवाड़ा जिले पर प्रकृति ने भी जिले पर अपनी मेहर बरसायी है जिससे यहां हरियाली का साम्राज्य भी है। उन्होंने उदयपुर आने वाले पर्यटकों को बांसवाड़ा जिले की ओर उन्मुख करने के लिए प्रयास करने की आवश्यकता प्रतिपादित की। उन्होंने कहा कि हमें यहां बाहर से आने वाले पर्यटकों के लिए सुविधाओं के विकास की ओर भी प्रयास करने की जरूरत है। 


अभयारण्य बनाने के होंगे प्रयास:

राज्यमंत्री ने जिला मुख्यालय से सटे जंगलों को अभयारण्य के रूप में विकसित करने की अपनी प्रतिबद्धता जताई और कहा कि यदि ऐसा होता है तो यहां के निवासियों के लिए पर्यटन भी एक व्यवसाय बन सकेगा और गरीब लोगों के लिए आजीविका का दूसरा स्रोत भी विकसित हो सकेगा। उन्होंने जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग की ओर से इस दिशा में प्रयास करने का संकल्प जताया। 


राज्यमंत्री ने की प्रदर्शनी की सराहना:

आज सुबह सूचना केन्द्र में आयोजित डिजीटल फोटो-विडियो प्रदर्शनी के शुभारंभ के लिए पहुंचे राज्यमंत्री बामनिया का जिला कलक्टर आशीष गुप्ता, जिला परिषद सीईओ डॉं. भंवरलाल, पर्यटन उन्नयन समिति संरक्षक जगमालसिंह, जनसंपर्क उपनिदेशक कमलेश शर्मा, सहायक निदेशक कल्पना डिण्डोर आदि ने पुष्पहार से स्वागत किया। इसके पश्चात राज्यमंत्री ने फीता काटकर प्रदर्शनी का विधिवत शुभारंभ किया। जनसंपर्क उपनिदेशक कमलेश शर्मा ने राज्यमंत्री बामनिया को प्रदर्शनी का अवलोकन कराया और इसमें प्रदर्शित विषयवस्तु की जानकारी दी। युवा चित्रकार शिफा हुसैन की पेंिटंग्स के साथ फोटोग्राफर दिनेश जैन पालरेचा, कमलेश शर्मा, भरत कंसारा, हार्दिक लोढ़ा, यश सर्राफ, जुगल बेहरानी और तृपल मेहता के द्वारा लिए गए जिले की नैसर्गिंक संपदा, प्राचीन शिल्पसौंदर्य और पर्यटन स्थलों के फोटोग्राफ्स को प्रदर्शित किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रदर्शनी मंे 8 एलईडी टीवी और एक प्रोजेक्टर के माध्यम से जिले के सौंदर्य को प्रदर्शित करने वाले विडियो, डाक्यूमेंटरी-मैं बांसवाड़ा हूं, सतरंगी राजस्थान तथा जिले के पुरा वैभव को दर्शाने वाले विडियो को प्रदर्शित किया गया है। यह प्रदर्शनी तीन दिनों तक जनसामान्य के अवलोकन के लिए खुली रहेगी।

सौ साल से भी अधिक पुराने फोटो को देखकर जताई प्रसन्नता: 

प्रदर्शनी में पूर्व राजपरिवार द्वारा संकलित किए गए बांसवाड़ा जिले के एक सौ से अधिक साल पुराने फोटोग्राफ्स को एलईडी टीवी पर दिखाया गया था। पूर्व राजपरिवार के जगमालसिंह ने प्रदर्शित फोटोग्राफ्स के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पुराने फोटोग्राफ्स को देखने में राज्यमंत्री ने दिलचस्पी दिखाई तथा कहा कि इस प्रकार से पुराने स्मृतियों का डिजीटलाईजेशन से संग्रहण आवश्यक है। 


शिफा की कला को प्रोत्साहित करने की जरूरत बताई:  

प्रदर्शनी में युवा चित्रकार शिफा हुसैन की पेंिटंग्स को देखकर राज्यमंत्री ने खुशी जताई और उसकी कला की तारीफ करते हुए कहा कि उसकी कला को प्रोत्साहित करने में वे हरसंभव मदद करेंगे। उन्होंने इस कार्य को लगातार जारी रखने की भी बात कही तथा उसके पिता शराफत खान से कहा कि इसकी पढ़ाई को रूकने नहीं देना। 



शुभारंभ अवसर पर सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एवं पर्यावरण प्रेमी विक्रमसिंह, समाजसेवी निमेष मेहता, जैनेन्द्र त्रिवेदी, शैलेन्द्र भट्ट, आशीष मेहता, देवबाला राठौड़, जाहिद अहमद सिंधी, न्याजुल्ला खान,सुनिल दोसी, ज्ञानेन्द्र त्रिपाठी, एलएनजे मयूर मिल के मनोज शाह, सहकारिता एमडी अनिमेश पुरोहित, टीएडी परियोजना अधिकारी विजयेश पण्ड्या सहित बड़ी संख्या में शहरवासी और अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे। 

-----------
फोटो केप्शन: बांसवाड़ा/डिजीटल फोटो-विडियो प्रदर्शनी का फीता काटकर शुभारंभ करते राज्यमंत्री बामनिया। 
बांसवाड़ा/प्रदर्शनी का अवलोकन करते राज्यमंत्री बामनिया । 
------------

No comments:

Post a Comment